प्रयागराज । उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के बाहर प्रतियोगी छात्रों का विरोध प्रदर्शन चौथे दिन और तेज हो गया है । छात्रों में पुलिस के खिलाफ आक्रोश देखा जा रहा है । जिस वजह से प्रदर्शन स्थल पर टकराव बढ़ गया । छात्र पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़कर लोक सेवा आयोग के गेट पर पहुंच चुके हैं । कुछ छात्रों को हिरासत में लिए जाने के बाद प्रदर्शन करने वाले छात्र उग्र हो गए । पुलिस ने दो लेयर की बैरिकेडिंग की थी । लेकिन इसे प्रदर्शनकारी छात्रों ने तोड़ दिया और वो आगे बढ़ गए ।
छात्रों का कहना है कि वो धरना आयोग के दरवाजे पर ही देंगे । हालांकि पुलिस ने किसी तरह का बलप्रयोग नहीं किया । सुबह पुलिस ने जिन छात्रों को हिरासत में लिया था,उनको लेकर पुलिस का दावा है कि वो माहौल बिगाड़ने वाले हैं, इसलिए ये कार्रवाई की गई । पुलिस ने ये भी कहा कि किसी भी महिला को हिरासत में नहीं लिया गया । ये महज अफवाह है । राजनैतिक संगठन से जुड़े छात्रों को ही पुलिस ने हिरासत में लिया ।
