दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने रविवार को दिल्ली के अस्पतालों से ऑक्सीजन की कमी को लेकर गैर-जरूरी अपील न करने का अनुरोध किया है ।
सिसोदिया ने मीडिया से भी बिना पड़ताल के ऑक्सीजन की कमी वाली ख़बरें न चलाने की अपील की है ।
सिसोदिया ने इस बारे में ट्वीट किया, “मुझे आज सुबह एक अस्पताल से ऑक्सीजन खत्म होने को लेकर इमरजेंसी अनुरोध हासिल हुआ । अस्पताल में 18 हजार लीटर ऑक्सीजन उपलब्ध है, जबकि यहां एक दिन की ख़पत 4,800 लीटर है । इसकी स्टोरेज क्षमता 21,000 लीटर है । इसका मतलब यह हुआ कि अस्पताल में 72 घंटों से ज्यादा की ऑक्सीजन उपलब्ध है ।”
उन्होंने कहा कि “इसी तरह, एक और छोटे अस्पताल से मीडिया में ख़बर आई । पता चला कि कल अस्पताल को 30 सिलेंडर मिले थे, उसमें से केवल 10 का उपयोग हुआ है और 20 अभी बचे हुए हैं ।”
सिसोदिया ने मीडिया से भी अनुरोध किया कि वे तथ्यों की पड़ताल के बाद ही अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी के बारे में खबरों को चलाएं ।
उन्होंने कहा, “मैं अस्पतालों से ऑक्सीजन की कमी पर गैर-ज़रूरी चिंता जाहिर न करने का अनुरोध करता हूं । इससे उन अस्पतालों को मदद मिलेगी जहां वाकई में संकट है । मैं मीडिया से भी अनुरोध करता हूं कि तथ्यों की पड़ताल के बाद ही ऐसी खबरें चलाएं ।”
