– अंबेडकर जयंती से एक दिन पूर्व से ही, डीएम के नेतृत्व में जनपद में चला साफ-सफाई व स्वच्छता अभियान
– “हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान” टैगलाइन के अंतर्गत 14 से 28 अप्रैल तक आयोजित होगा 15 दिवसीय कार्यक्रम उत्सव
फतेहपुर । स्वतंत्रता के अमृत काल में भारत रत्न बाबा साहब डॉ० भीमराव आंबेडकर जी के शुभ जन्मदिवस 14 अप्रैल, 2025 को “भीमराव आंबेडकर जयन्ती” “हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान” टैगलाइन के अंतर्गत 14 से 28 अप्रैल तक 15 दिवसीय कार्यक्रम उत्सव के रूप में राजकीय सम्मान के साथ धूम-धाम से मनाये जाने के संबंध में शासन से प्राप्त निर्देश के क्रम में जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह के कुशल मार्गदर्शन व मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना के पर्यवेक्षण में क्रियान्वित किया जा रहा है ।
जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने बताया कि भारतीय स्वाधीनता आन्दोलन को नई दिशा और नई गति देने एवं भारत के संविधान निर्माण में भारत रत्न बाबासाहब डॉ० भीमराव आंबेडकर जी का अतुलनीय योगदान है । बाबा साहब की जयन्ती प्रत्येक वर्ष 14 अप्रैल को मनायी जाती है । यह दिन भारत में समानता,सामाजिक न्याय और शिक्षा के लिए उनके योगदान को याद करने के लिए मनाया जाता है । डॉ0 आंबेडकर ने हमेशा स्वच्छता और सामाजिक न्याय पर जोर दिया है ।
शासन के निर्देश के क्रम में अंबेडकर जयंती से 1 दिन पूर्व रविवार को साफ सफाई अभियान के क्रम में सभी निकायों व विकास खंडों में आयोजित होने वाले अंबेडकर जयंती कार्यक्रम स्थलों, पार्कों, स्मारकों व अन्य स्थानों पर साफ सफाई,स्वच्छता, सजावट, वॉल पेंटिंग,प्रकाश की व्यवस्था की गई है ।
जनपद में स्थापित भारत रत्न बाबासाहब डॉ० भीमराव रामजी आंबेडकर जी की प्रतिमा के साथ-साथ अन्य महापुरुषों की प्रतिमाओं एवं समस्त पार्को की साफ-सफाई मा. जनप्रतिनिधियों तथा सरकारी कर्मचारियों एवं अधिकारियों के साथ की गई ।
14/04/2025 को बाबासाहब की जयन्ती के अवसर पर जनपदीय कार्यक्रम में कलेक्ट्रेट सभागार पर जनपद के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा जन प्रतिनिधिगण के साथ उपस्थित होकर बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित कर प्रतिमा पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण कर डॉ अंबेडकर जी के विचारों एवं संविधान निर्माण में उनके योगदान को रेखांकित किया जाएगा । साथ ही विभिन्न कार्यक्रमों को धूम-धाम से आयोजित कर बाबा साहब के जीवन पर प्रकाश डाला जायेगा ।
मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना ने भारत रत्न बाबा साहब भीमराव अंबेडकर जयंती के उपलक्ष में 14 से 28 अप्रैल तक आयोजित होने वाले 15 दिवसीय कार्यक्रम उत्सव के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि 14 अप्रैल को 11 बजे कलेक्ट्रेट परिसर सहित सभी कार्यालयों में जन प्रतिनिधियों की उपस्थिति में डॉ० आंबेडकर जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि कर उनके व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डाला जाएगा।साथ ही पोस्टर, बैनर ,झंडा, प्रभात फेरी सहित भारतीय संविधान के उद्देशिका, मौलिक अधिकार व कर्तव्यों पर संगोष्ठी के माध्यम से बाबा साहब के विचारों ,शिक्षाओं,सिद्धांतों का व्यापक प्रचार प्रसार किया जाएगा एवं सभी तहसीलों व विकास खंडों, ग्राम पंचायतों, ग्राम सभाओं में अंबेडकर जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी तथा 28 अप्रैल तक योजना के अनुसार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ।
अपर जिलाधिकारी वित्त /राजस्व डॉo अविनाश त्रिपाठी व अपर जिलाधिकारी न्यायिक धीरेंद्र प्रताप द्वारा आज सभी तहसीलों व निकायों में बाबा साहब की प्रतिमाओं व परिसर में चलाए जा रहे स्वच्छता कार्यक्रम का निरीक्षण किया गया ।
