फतेहपुर । जनपद में हो रहे अवैध खनन को लेकर मुख्यमंत्री,भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशक,मण्डलायुक्त मण्डल, जिलाधिकारी फतेहपुर को शिकायती पत्र भेज कार्यवाही की मांग की गई है ।
संचालित बालू साइडों पर पट्टाधारकों द्वारा निर्धारित क्षेत्रफल से काफी आगे बढ़कर बेखौफ बालू का खनन किया जा रहा है खननकर्ताओं द्वारा नदी की जलधारा को बांधकर व पुल बनाकर लिफ्टिंग मशीनों व पोकलेन मशीनों द्वारा बालू का खनन किया जा रहा है ।
जबकि एन०जी०टी० एवं उत्तर प्रदेश सरकार का आदेश है कि बालू खनन के लिए किसी भी दशा में नदी की जलधारा को प्रभावित नहीं किया जा सकता एवं लिफ्टिंग मशीन व पोकलेन का प्रयोग भी प्रतिबंधित है । इसके बावजूद भी बालू खनन कर्ताओं द्वारा नदी की जलधारा को बांधकर लिफ्टिंग मशीन और पोकलेन मशीन के द्वारा बालू खनन का कार्य किया जा रहा है । जिससे नदी के मूल स्वरूप व अस्तित्व पर गंभीर खतरा मङरा रहा है । वहीं दूसरी तरफ प्रति दिन असंख्य जलीय जीव जंतुओं का जीवन समाप्त हो रहा है जो सीधे पर्यावरण के लिए खतरा है । जिसका असर मानव जीवन पर भी पड़ेगा ।
इस संबंध में युवा विकास समिति के अध्यक्ष ज्ञानेंद्र मिश्रा ने कहा कि बालू लीज/पट्टाधारको द्वारा लीज एरिया से बढ़कर नदी की जल धारा में किये जा रहे बालू खनन पर रोक लगाई जाने, बालू का खनन व ट्रैकों पर लोडिंग मशीन द्वारा न कराकर मजदूरों द्वारा कराये जाने,बालू खनन के लिए नदी की जलधारा को मोड नहीं जा सकता इसके बावजूद नदी की जलधारा को मोड़कर व पूल बनाकर मशीनों द्वारा किये जा रहे बालू खनन पर रोक लगाये जाने,बालू लीज स्थल पर रेट बोर्ड लगाए जाने,बालू लीज स्थल के प्रत्येक कोने पर सीमा स्तंभ व लीज होल्डर का बोर्ड लगाये जाने जिस पर लीज होल्डर का पूरा नाम पता मोबाइल नंबर तथा रखवा लिखे जाने की मांग मुख्यमंत्री सहित उच्चाधिकारियों से की गई है । अन्यथा की स्थिति में जनहित को ध्यान में रखते हुए युवा विकास समिति धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होगी ।
