फतेहपुर । उप कृषि निदेशक ने बताया कि वर्ष 2023-24,2024 -25 व 2025-26 के खरीफ व रबी मौसम में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एंव पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना की कार्ययोजना जारी की गयी है ।
योजना को जनपद में संचालित करने हेतु यूनीवर्सल सोम्पो जनरल इन्श्योरेंन्स कम्पनी लि० को नामित किया गया है ।
योजना के अन्तर्गत प्रतिकूल मौसमीय स्थितियों से अधिसूचित फसलों को क्षति होने की स्थिति में बीमित कृषकों को बीमा कवर/क्षतिपूर्ति प्रदान किया जाता है ।
जनपद में खरीफ मौसम हेतु अधिसूचित फसलें धान,बाजरा, ज्वार, उर्द, मूंग, तिल, अरहर, केला,मिर्च है । फसल की बुवाई न कर पाना/असफल बुवाई,फसल की मध्य अवस्था में क्षति, खड़ी फसलों को प्राकृतिक आपदाओं, रोगों कीटों से क्षति,ओलावृष्टि, जलभराव, बादल फटना, भूस्खलन, बिजली गिरने से क्षति, फसल कटाई के उपरान्त आगामी 14 दिन की अवधि तक खेत में सुखाई हेतु रखी हुई फसल को ओलावृष्टि,चक्रवात,बेमौसम/चक्रवाती वर्षा से नुकसान के जोखिम को कवर किया गया है । यह योजना ऐच्छिक आधार पर लागू की गई है यदि ऋणी कृषक योजना में शामिल नहीं होना चाहते हैं तो ऐसी स्थिति में अपने बैंक शाखा स्तर पर बीमा कराने की अन्तिम तिथि के 7 दिन पहले तक योजनान्तर्गत प्रतिभागिता नहीं करने के सम्बन्ध में लिखित रूप से अवगत कराना होगा ।
गैर ऋणी कृषक अपना पहचान पत्र,आधार कार्ड फसल बुवाई का घोषणा पत्र,खतौनी की नकल,बैंक खाते का विवरण,आई०एफ०एस० सी० कोड के साथ निकट के कॉमन सर्विस सेन्टर अथवा बैंक शाखा से फसल पर देय प्रीमियम में अंश को जमा करते हुए अपनी फसल का बीमा करा सकते हैं ।
खरीफ 2025 मौसम में योजना में भागीदारी की अन्तिम तिथि 31 जुलाई 2025 है ।
