– फतेहपुर जनपद के 327391 किसानों के खाते में ट्रांसफर होगी किसान सम्मान निधि
फतेहपुर । सत्येन्द्र सिंह उप कृषि निदेशक ने अवगत कराया है कि शासन के निर्देशानुसार दिनांक 02 अगस्त 2025 को वाराणसी में आयोजित होने वाले “पी०एम०-किसान उत्सव दिवस” में प्रधानमंत्री द्वारा पी०एम०-किसान की 20वीं किस्त जारी की जायेगी । जिसमें जनपद फतेहपुर के 327391 लाभार्थियों के खाते में पीएम किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त भेजी जाएगी ।
कार्यक्रम चार स्तर पर (प्रदेश स्तर/जनपद,विकासखण्ड,कृषि विज्ञान केन्द्र एवं ग्राम पंचायत स्तर) कराया जायेगा । वर्चुअल रूप से लिंक पर किसान सम्मान समारोह का प्रसारण होगा । यह कार्यक्रम प्रातः 10:00 बजे से 11:00 बजे तक स्थानीय स्तर पर किया जायेगा ।
तत्पश्चात मुख्य कार्यक्रम 11:00 बजे से प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण होगा । प्रधानमंत्री जी का कार्यक्रम समाप्त होने के पश्चात आयोजित होने वाले कार्यक्रम में उपस्थित लाभार्थियों से सम-सामयिक तकनीकी चर्चा सत्र का भी आयोजन होगा ।
जनपद के कृषक भाइयों से अपील है कि अधिक से अधिक संख्या में नजदीकी विकासखण्ड मुख्यालय,राजकीय कृषि बीज भण्डार,कृषि विज्ञान केन्द्र एवं ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित लाइव प्रसारण कार्यक्रम में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का कष्ट करें ।
