जम्मू-कश्मीर । कटरा में 22 दिन बाद बुधवार को वैष्णो देवी यात्रा फिर शुरू हुई । यह यात्रा मौसम संबंधी और सुरक्षा कारणों से रोकी गई थी ।
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने बताया कि “अनुकूल मौसम रहने की स्थिति में आज (बुधवार) सुबह से यात्रा को दोबारा शुरू किया जाएगा ।” रियासी ज़िले का कटरा,वैष्णो देवी यात्रा का बेस कैंप है यहां हज़ारों श्रद्धालु रुके हुए हैं ।
बुधवार तड़के यात्रा के शुरुआती बिंदु बाणगंगा दर्शनी गेट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु इकट्ठा हुए । उन्होंने यात्रा शुरू होने पर ख़ुशी और राहत जताई ।
बीते दिनों जम्मू क्षेत्र में भयंकर भूस्खलन के कारण यात्रा को रोक दिया गया था । अधिकारियों के मुताबिक़, भारी बारिश और भूस्खलन की घटनाओं में 34 लोगों की मौत हो गई थी और 20 लोग घायल हुए थे ।
