Breaking News । अमेरिका ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में एक बार फिर उस प्रस्ताव पर वीटो लगा दिया, जिसमें ग़ज़ा में तुरंत और स्थायी युद्धविराम के साथ ही बंधकों की रिहाई की मांग की गई थी ।
ये छठी बार है जब अमेरिका ने इस प्रस्ताव पर वीटो लगाया है ।
मध्यपूर्व के लिए अमेरिकी उप दूत मॉर्गन ऑर्टागस ने कहा कि प्रस्ताव का मसौदा हमास की पर्याप्त निंदा नहीं करता और न ही इसराइल के आत्मरक्षा के अधिकार को मान्यता देता है ।
सुरक्षा परिषद के अन्य सभी 14 सदस्य देशों ने इस मसौदे के पक्ष में वोट दिया ।
इसमें ग़ज़ा में स्थिति को “विनाशकारी” बताया गया । इसमें इसराइल से सभी राहत प्रतिबंध हटाने की अपील की गई ।
अमेरिका ने ये कदम ऐसे समय में उठाया है जब संयुक्त राष्ट्र चेतावनी दे रहा है कि ग़जा सिटी में आखिरी लाइफलाइन भी टूट रही है,क्योंकि इसराइल ने अपना सैन्य अभियान और तेज कर दिया है । हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़ ग़ज़ा में इसराइली सैन्य अभियान में अब तक 65,141 लोग मारे जा चुके हैं ।
