असम के जाने-माने सिंगर ज़ुबिन गर्ग की शुक्रवार को सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान हुई एक दुर्घटना में मौत हो गई है ।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने ज़ुबिन गर्ग के निधन की जानकारी देते हुए मीडिया से कहा, “असम और असमिया लोगों के लिए एक बेहद दुखद ख़बर है । आज असम ने अपने एक लाडले बेटे को खो दिया है । भारत के विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा सिंगापुर में हैं और उन्होंने मुझे इस दुखद घटना की जानकारी दी है ।”
मुख्यमंत्री ने एक्स पर लिखा,”असम के लिए ज़ुबिन का क्या मतलब था, यह बताने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं । वह बहुत जल्दी चले गए । यह उनके जाने की उम्र नहीं थी । उन्होंने एक ऐसा शून्य छोड़ा है जो कभी नहीं भरेगा ।”
ज़ुबिन नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल में 20 सितंबर को परफ़ॉर्म करने वाले थे । पूर्वोत्तर के रॉकस्टार नाम से मशहूर ज़ुबिन गर्ग तीन दशकों से भी ज़्यादा सक्रिय रहे । वह असमिया और बॉलीवुड की सबसे प्रभावशाली आवाज़ों में से एक थे । ज़ुबिन को साल 2006 में बॉलीवुड फिल्म गैंगस्टर के ‘या अली’ गाने से प्रसिद्धि मिली थी । ज़ुबिन गर्ग ने 2009 में ग़ैर-फ़ीचर फ़िल्म ‘इकोज ऑफ साइलेंस’ के लिए सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशक का राष्ट्रीय पुरस्कार जीता था ।
