बीते बुधवार को सलाह अल-दीन स्ट्रीट को खोला गया था, जिसे अब बंद कर दिया गया है । (फ़ाइल फ़ोटो) ✓
इसराइली डिफ़ेस फ़ोर्स (आईडीएफ़) ने ग़ज़ा सिटी से बाहर निकलने के लिए बनाए गए अस्थायी रास्ते को बंद कर दिया है । इससे पहले इस इलाक़े में लोगों को बाहर निकलने का आदेश दिया गया था ।
आईडीएफ़ के प्रवक्ता अविचाय अद्राई ने एक्स पर अपडेट दिया कि सलाह अल-दीन स्ट्रीट,जिसे बुधवार को खोला गया था,अब ग़ज़ा सिटी से बाहर निकलने वालों के लिए उपलब्ध नहीं है ।
उन्होंने कहा कि अल-रशीद स्ट्रीट अब लोगों के निकलने के लिए इकलौती ‘इजाज़त वाली’ सड़क है । पिछले कुछ हफ़्तों में ग़ज़ा में इसराइल ने ज़मीनी हमले तेज़ कर दिए हैं ।
सलाह अल-दीन ग़ज़ा की मुख्य सड़क है,जो उत्तर से दक्षिण तक जाती है यह उस इलाक़े से होकर गुज़रती है जिसे हाल ही में फिर से सैन्य इलाक़ा बना दिया गया है इस जगह को नेट्ज़ारिम कॉरिडोर कहा जाता है, जिसे 2024 में आईडीएफ़ ने बनाया था और इसने ग़ज़ा को दो हिस्सों में बांट दिया था । अस्थायी निकासी वाला रास्ता सलाह अल-दीन से हटकर नेट्ज़ारिम से होकर गुज़रता था । इसराइल ने इस कॉरिडोर को इस साल की शुरुआत में युद्धविराम समझौते के तहत खाली कर दिया था । लेकिन सैटेलाइट तस्वीरों से पता चला कि सोमवार को सैन्य गाड़ियां फिर इस इलाक़े में आ गईं । जब इसराइली सेना ने ग़ज़ा पर हमला और तेज़ कर दिया ।
अपने पोस्ट में अद्राई ने यह भी कहा कि आईडीएफ़ “हमास और दूसरी दहशतगर्द समूहों के ख़िलाफ़ पहले से कहीं ज़्यादा और बेहद सख़्त कार्रवाई जारी रखेगी ।”
