कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने पीएम मोदी के संबोधन से पहले कई सवाल किए हैं ।
नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार शाम पांच बजे देश को संबोधित करेंगे । इसको लेकर कांग्रेस ने उन पर तंज कसा है ।
कांग्रेस का कहना है कि संबोधन में पीएम मोदी “क्या राष्ट्रपति ट्रंप के दावों पर प्रतिक्रिया देंगे ?”
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, “प्रधानमंत्री राष्ट्र को संबोधित करने की तैयारी कर रहे हैं । वहीं वाशिंगटन डीसी में उनके अच्छे दोस्त ने एक बार फिर उनकी सुर्खियां छीन ली हैं और 42वीं बार दावा किया है कि उन्होंने अमेरिका के साथ बढ़ते व्यापार का फ़ायदा उठाकर ऑपरेशन सिंदूर को रोक दिया ।”
जयराम रमेश का कहना है कि राष्ट्रपति ट्रंप यह दावा केवल अमेरिका में ही नहीं बल्कि सऊदी अरब, क़तर और ब्रिटेन में भी कर चुके हैं ।
उन्होंने सवाल उठाया, “क्या प्रधानमंत्री इन दावों पर प्रतिक्रिया देंगे और भारत-अमेरिका के लगातार बिगड़ते रिश्तों पर बोलेंगे ? क्या वे लाखों भारतीय एच-1बी वीज़ा धारकों की चिंताओं का समाधान करेंगे ? क्या वे उन करोड़ों किसानों और मज़दूरों को कोई भरोसा देंगे, जिनकी आजीविका उनके मित्र द्वारा लगाए गए टैरिफ़ की वजह से ख़तरे में है ?”
कांग्रेस नेता ने कहा, “या फिर वे नई जीएसटी दरों के बारे में वही दोहराएंगे, जो हम सभी जानते हैं ।”
हालांकि, पीएम मोदी किस मुद्दे पर देश को संबोधित करेंगे, अभी तक इसकी जानकारी नहीं दी गई है ।
