नई दिल्ली । स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती उर्फ़ पार्थ सारथी के ख़िलाफ़ दर्जनों छात्राओं के यौन उत्पीड़न और धोखाधड़ी मामले में दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज किया है । स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती के मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट की कई छात्राओं ने उन पर यौन शोषण का मामला दर्ज कराया था । चार अगस्त को दिल्ली के वसंत कुंज नॉर्थ पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया गया था ।
समाचार एजेंसी पीटीआई से एडीशनल डीसीपी ऐश्वर्या सिंह ने कहा, “श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ़ इंडियन मैनेजमेंट के मैनेजर के ख़िलाफ़ यौन उत्पीड़न के आरोप लगे थे । जांच जारी है और हमने संबंधित धाराओँ में मामला दर्ज किया है । छात्राओं के बयान लिए जा रहे हैं ।”
उन्होंने कहा कि इंस्टीट्यूट के बेसमेंट से एक वोल्वो कार बरामद हुई है । जिस पर संयुक्त राष्ट्र का नीला डिप्लोमेटिक नंबर लगा था । इस संबंध में धोखाधड़ी का एक अलग मामला दर्ज किया गया है ।
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, आरोप लगाने वाली छात्राएं इस इंस्टीट्यूट में ईडब्ल्यूएस (आर्थिक रूप से कमज़ोर वर्ग) कोटे में मिलने वाले स्कॉलरशिप के तहत पीजीडीएम कोर्स कर रही थीं ।
