‘आई लव मोहम्मद’ लिखे पोस्टर बैनर लेकर बीते शनिवार को सुमैया राणा ने लखनऊ विधान भवन के सामने प्रदर्शन किया था ।
उत्तरी भारत के कुछ शहरों के बाद अब कर्नाटक के दावणगेरे ज़िले में भी ‘आई लव मोहम्मद’ लिखे पोस्टर और बैनर से तनाव का मामला सामने आया है ।
पुलिस ने शांति भंग करने के आरोप में कई लोगों पर मामला दर्ज किया है ।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दो दिन पहले कुछ स्थानीय लोगों ने उन्हें सूचना दी थी कि पानी की टंकी पर एक बैनर लगाया गया है, जो सार्वजनिक संपत्ति है ।
इसके बाद पुलिस ने कुछ युवकों से इसे हटाने की अपील की थी ।
एक अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर कहा, “हमने स्थानीय मुस्लिम नेताओं को भी बैनर हटाने के लिए कहा था ताकि तनाव न बढ़े, लेकिन हमारी सलाह पर कोई क़दम नहीं उठाया गया । बीती रात कुछ युवकों ने एक हिंदू परिवार के घर के सामने पोस्टर चिपका दिए ।”
पुलिस के मुताबिक़, इसके बाद वहां तनाव पैदा हो गया । कुछ लोगों ने जातिसूचक गालियां भी दीं ।
पूर्वी रेंज दावणगेरे के आईजीपी रविकांते गौड़ा ने बताया, “पुलिस के दख़ल से स्थिति बिगड़ने से बच गई । हमने दोनों पक्षों को समझाकर पोस्टर और बैनर हटवा दिए ।”
एसपी उमा प्रशांत ने कहा, “दो एफ़आईआर दर्ज की गई हैं,जिनमें दंगा, अवैध जमावड़े और अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत गाली-गलौच के मामले भी शामिल हैं ।”
