फतेहपुर । महाविद्यालय में नवप्रवेशित छात्राओं के लिए अभिविन्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया । कार्यक्रम का शुभारम्भ प्राचार्या डॉ. सपना पाण्डेय के करकमलों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण से हुआ । इसके पश्चात् प्राचार्या ने छात्राओं को महाविद्यालय की गौरवशाली परंपरा,उपलब्धियों तथा अनुशासन के महत्व से अवगत कराते हुए उनका स्वागत किया ।
उन्होंने छात्राओं को उच्च शिक्षा के उद्देश्य ,स्वरूप तथा भविष्य निर्माण में उसकी भूमिका पर प्रेरक विचार प्रस्तुत किए । कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकों ने क्रमवार रूप से अपनी- अपनी विषयवार जानकारी दी । साथ ही उन्होंने अपने-अपने विभागों,प्रभारों तथा महाविद्यालय में संचालित विविध गतिविधियों जैसे—एनएसएस, रेंजर,सांस्कृतिक समिति, खेलकूद, छात्रवृत्ति, पर्यावरण, पुस्तकालय आदि के बारे में विस्तार से बताया ।
इस अवसर पर छात्राओं को महाविद्यालय की नियमावली,परीक्षापद्धति तथा सह-पाठ्यक्रमीय गतिविधियों से भी परिचित कराया गया ।
अभिविन्यास कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को महाविद्यालयीन परिवेश से जोड़ना,उनमें आत्मविश्वास विकसित करना तथा शैक्षणिक एवं सामाजिक उत्तरदायित्वों के प्रति जागरूक करना था,जो पूर्णतः सफल रहा । कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनुभा श्रीवास्तव द्वारा किया गया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अमित कुमार मौर्या द्वारा प्रस्तुत किया गया । इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी वर्ग तथा नवप्रवेशित समस्त छात्राएं उपस्थित रहीं ।
