– 24 कैरेट सोना पिछले साल धनतेरस पर 81,400 रुपये प्रति 10 ग्राम था । शुक्रवार को यह 1,32,400 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा ।
नई दिल्ली । रिकॉर्ड कीमतों के बावजूद धनतेरस पर शनिवार को देशभर के सराफा बाजार खरीदारों से गुलजार रहे । हल्के आभूषणों के साथ सोने के सिक्कों व बार की मांग ज्यादा रही ।
इंडियन बुलियन एंड जूलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के मुताबिक, एक साल में पीली धातु की कीमत 53,400 रुपये या 65.60 फीसदी बढ़ने के बावजूद धनतेरस पर 39 टन तक सोने की बिक्री हुई । यह पिछले धनतेरस पर बिके 35 टन सोने की तुलना में 11.42 फीसदी अधिक है ।
आईबीजेए के महा सचिव सुरेंद्र मेहता ने बताया, वैश्विक आर्थिक चुनौतियों,कई देशों में तनाव, अमेरिकी डॉलर में कमजोरी व बहुमूल्य धातु की कीमतें और बढ़ने की आशंका से लोगों ने निवेश के लिए खरीदारी पर जोर दिया ।
इससे सोने के सिक्कों व बार की बिक्री में पिछले धनतेरस की तुलना में 25 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई । कामा ज्वेलरी के प्रबंधक निदेशक कॉलिन शाह ने बताया,युवा खरीदारों में 9 कैरेट से 18 कैरेट तक के हल्के आभूषणों की मांग ज्यादा रही ।
