कानपुर । महाराजपुर थाना क्षेत्र के हाथीगांव रेलवे क्रॉसिंग से करीब 200 मीटर दूर सोमवार सुबह एक अज्ञात युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई ।
रेलवे कर्मचारियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है । वही रेलवे कर्मचारियों के अनुसार सोमवार सुबह ट्रेन चालक ने स्टेशन मास्टर को बताया कि 994/27 और 994/28 खंभों के बीच सिग्नल के पास एक शव पड़ा है ।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे गैंगमैन ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। वही पुलिस का कहना है कि संभावना है कि युवती की मौत ट्रेन से गिरने के कारण हुई हो,हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है । पुलिस आसपास के थानों व चौकियों से गुमशुदगी की जानकारी जुटा रही है और सोशल मीडिया के जरिए भी युवती की पहचान की कोशिश की जा रही है ।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों के अनुसार युवती ने हरे रंग का कुर्ता और प्लाजो पहन रखा था । उसका चेहरा और सिर बुरी तरह क्षतिग्रस्त था । स्थानीय लोगों ने उसकी पहचान करने की कोशिश की,लेकिन कोई उसे पहचान नहीं सका । युवती के पास से ऐसा कोई सामान भी नहीं मिला । जिससे उसकी पहचान हो सके ।
वही सरसौल चौकी प्रभारी तेजवीर सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है ।
