लखनऊ । उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को भीषण सड़क हादसा पेश आया है । घने कोहरे के चलते यहां 8 बसें और तीन कारें टकरा गईं । हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई है । टक्कर के बाद सभी वाहनों में आग लग गई थी । जिसके चलते कई लोग फंस गए थे ।
वहीं कई लोग कूदकर जान बचाने में सफल रहे । इस हादसे में 70 के करीब लोग घायल हुए हैं । घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है । हादसा मंगलवार सुबह साढ़े चार बजे के करीब पेश आया । इस भीषण हादसे को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दुख जताया है ।
सीएम योगी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा । मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए सड़क हदासे में जान गंवाना बहुत दुखद और दिल दहला देने वाला है । मेरी गहरी संवेदनाएं दुखी परिवारों के साथ हैं ।
मैंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का सही इलाज पक्का करने का निर्देश दिया है । मैं भगवान राम से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्माओं को शांति दें और घायल जल्दी ठीक हों । हादसे में मरने वालों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए देने की घोषणा भी की गई है ।
