धनबाद/झारखण्ड । जिले के सरायढेला थाना क्षेत्र के विकास नगर स्थित चिंतामणि निवास में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया । इस हादसे में 70 वर्षीय चिंता देवी और 18 वर्षीय गोलू की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं । सभी घायलों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है ।
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 1 बजे की है । बताया गया कि चिंतामणि देवी रात 12 बजे रूम हीटर चालू कर सो गई थीं । जिसके करीब एक घंटे बाद अचानक कमरे में आग लग गई । आग ने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया ।
घर में उस समय कुल 15 लोग मौजूद थे — ग्राउंड फ्लोर पर 8, दूसरे तल पर 3 और तीसरे तल पर 4 लोग सो रहे थे । जब आग लगी । तब ग्राउंड फ्लोर पर सो रहीं चिंता देवी और उनका नाती गोलू सबसे पहले इसकी चपेट में आ गए । दोनों की मौके पर ही मौत हो गई । वहीं कुंदन प्रसाद, उनकी पत्नी ज्योति और अन्य परिजन झुलस गए ।
दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया । अग्निशमन अधिकारी दीपक उरांव ने बताया कि संकरी गली और बंद मेन गेट के कारण राहत कार्य में देरी हुई । उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है ।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है । घटना से पूरे इलाके में मातम छा गया है ।
