24 December । Wednesday 2025-26
नई दिल्ली । बिहार के गयाजी में मंगलवार शाम एक भीषण हादसा हो गया । यहां शॉर्ट सर्किट के चलते एक घर में आग लग गई ।जिसकी चपेट में आने से पति-पत्नी की मौत हो गई । घटना के समय दंपति के तीन बच्चे भी घर में ही मौजूद थे । दूसरे कमरे में होने के चलते बच्चों की जान बच गई । मां-बाप को जलता देख बच्चे चीख-पुकार करने लगे । लेकिन इससे पहले कोई उनकी मदद के लिए वहां पहुंचता, बच्चों के माता-पिता ने दम तोड़ दिया था ।
प्रमोद साव और उसकी पत्नी की हुई मौत :
यह घटना चाकंद थाना क्षेत्र के बिथो गांव की बताई जा रही है । मृतकों की पहचान प्रमोद साव और उसकी पत्नी के रूप में हुई है । साव और उसकी पत्नी अपने घर में ही पत्तल बनाने का एक लघु कुटीर उद्योग चलाते थे । इसी से परिवार का खर्च चलता था । मंगलवार शाम भी दोनों पति-पत्नी हर दिन की तरह अपना काम कर रहे थे । तभी अचानक बिजली के तार से चिंगारी निकलने लगी जो देखते ही देखते आग बन गई ।
लोग मदद करने पहुंचे उससे पहले ही हो चुकी थी दोनों की मौत:
कमरे में रखे पत्तल और अन्य सामान आग की चपेट में आ गए और देखते ही देखते आग पूरे कमरे में फैल गई । स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग बहुत तेजी से फैली और इसी के चलते इस पर समय रहते नियंत्रण नहीं किया जा सका । मां-बाप को जलते देख तीनों बच्चे मदद के लिए चिल्लाने लगे जिसे सुनकर आसपास रहने वाले लोग मदद करने पहुंचे । लोगों ने पानी की बाल्टियों से आग बुझाने की कोशिश की लेकिन जब तक आग पर काबू पाया गया ।तब तक बहुत देर हो चुकी थी और दोनों पति-पत्नी की मौत हो गई थी ।
जदयू नेता डॉ. जितेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे:
घटना की सूचना मिलते ही चाकंद थानाध्यक्ष शिवम कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे । पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला शॉर्ट सर्किट से आग लगने का लग रहा है । घटना की जानकारी मिलते ही जदयू नेता डॉ. जितेंद्र कुमार दास भी मौके पर पहुंचे । उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया ।
पूरे गांव में मातम का माहौल
हादसे की खबर फैलते ही बिथो गांव में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी । हर आंख नम थी और पूरे गांव में मातम का माहौल पसरा हुआ है । फिलहाल गांव में प्रशासनिक मदद का इंतजार है और हर किसी की नजर उन बच्चों पर टिकी है । जिनकी जिंदगी एक ही हादसे में पूरी तरह बदल गई ।
