पहले बताया गया था कि ख़ालिदा ज़िया के जनाज़े में पाकिस्तान की ओर से विदेश मंत्री इसहाक़ डार शामिल होंगे ।
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री ख़ालिदा ज़िया के जनाज़े में पाकिस्तान की ओर से नेशनल असेंबली के स्पीकर सरदार अयाज़ सादिक़ शामिल होंगे । मंगलवार को पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मोहम्मद इसहाक़ डार ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी ।
उन्होंने कहा “पाकिस्तान की नेशनल असेंबली के स्पीकर सरदार अयाज़ सादिक़ बांग्लादेश की राजधानी ढाका में बेगम ख़ालिदा ज़िया के जनाज़े में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करेंगे ।”
हालांकि इससे पहले ढाका स्थित पाकिस्तान उच्चायोग के प्रेस सलाहकार फसीह उल्लाह ख़ान ने मंगलवार शाम को बांग्लादेश की सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस को बताया “हमारे उप प्रधानमंत्री जनाज़े में शामिल होने के लिए यहां (ढाका में) आएंगे ।” वहीं जनाज़े में भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर भारत की ओर से शामिल होंगे ।
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री ख़ालिदा ज़िया का 80 साल की उम्र में मंगलवार को निधन हो गया है वो काफी दिनों से बीमार थीं । उनके जनाज़े की नमाज़ बुधवार यानी आज दोपहर 2 बजे बांग्लादेश के संसद भवन के साउथ प्लाजा में पढ़ी जाएगी ।
