फतेहपुर । उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम के दृष्टिगत आलेख्य प्रकाशन (मंगलवार) को जनपद स्तर पर जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र स्तर पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय (तहसील) में, प्रत्येक मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा कर दिया गया है ।
उक्त स्थलों पर आलेख्य मतदाता सूची जन सामान्य के अवलोकनार्थ उपलब्ध रहेगी । जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा आज समस्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचक नामावलियों के आलेख्य प्रकाशन की सूची उपलब्ध करा दी गयी है ।
तदोपरान्त उनके साथ विशेष प्रगाढ पुनरीक्षण-आलेख्य प्रकाशन के संबंध में एक बैठक भी आयोजित की गई जिसमें आयोग के दिशा निर्देशों से उपस्थित सभी प्रतिनिधियों को विस्तार से अवगत कराया गया ।
ग्राम सभा तथा वार्ड कमेटी की बैठकों में बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा 11 जनवरी 2026 (रविवार) को अपने बूथ पर उपस्थित हो कर सम्बन्धित आलेख्य निर्वाचक नामावली को पढ़कर सुनाया जायेगा और नामों का सत्यापन किया जायेगा ।
वर्ष 2025 की मतदाता सूची में जनपद की कुल 06 विधान सभाओं में मतदाताओं की कुल संख्या-1932441 थी । उक्त समस्त मतदाताओं को विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के दौरान गणना प्रपत्र वितरित किये गये । मतदाताओं में से जिनके द्वारा अपना गणना प्रपत्र भर कर बी०एल०ओ० को उपलब्ध करा दिया गया था । उनके गणना प्रपत्रों को बीएलओ के माध्यम से डिजिटाइज कराते हुए उन का नाम आलेख्य प्रकाशन में सम्मिलित कर लिया गया है ।
आयोग द्वारा दावे एवं आपत्तियों के लिये 06 जनवरी, 2026 (मंगलवार) से 06 फरवरी, 2026 (शुक्रवार) तक की अवधि निर्धारित की गयी है । आलेख्य प्रकाशन में सम्मिलित मतदाताओं की कुल संख्या-1616973 है । जिन मतदाताओं द्वारा विशेष प्रगाढ पुनरीक्षण के दौरान गणना प्रपत्र में मतदाता सूची 2003 की प्रविष्टियां अंकित नहीं की गयी है या जिनका मिलान स्वयं अथवा प्रोजेनी के रूप में 2003 की मतदाता सूची से नहीं हो सका है ।उन्हें नो मैपिंग की श्रेणी में रखा गया है । ऐसे मतदाताओं की कुल संख्या-134207 है ।
शेष-1482766 मतदाताओं की मैपिंग का कार्य विशेष प्रगाढ पुनरीक्षण के दौरान कर लिया गया था ।
नो मैपिंग की श्रेणी में सम्मिलित सभी मतदाताओं को नोटिस जारी की जायेगी एवं उन नोटिसों की सुनवाई सम्बन्धित निर्वाचक रजिस्ट्री करण अधिकारी/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/ अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा चिन्हित स्थलों पर दिनांक 6 जनवरी,2026 (मंगलवार) से दिनांक 27 फरवरी 2026 (शुक्रवार) तक की जायेगी ।
दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि के दौरान ऐसे युवा जिनके द्वारा 01 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली गयी हो अपना नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने हेतु फार्म-6 भरकर घोषणा पत्र के साथ सम्बन्धित बूथ लेवल अधिकारी/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के पास जमा कर सकते हैं ।
मतदाता सूची में पंजीकरण कराने या किसी भी प्रकार की प्रविष्टि में संशोधन इत्यादि के लिए ऑनलाइन माध्यम से आयोग के ऐप इसिनेट मोबाइल अप्प एवं वेबसाइट के माध्यम से भी फार्म-6 व फार्म 8 घोषणा-पत्र सहित सबमिट किया जा सकता है ।
जन सामान्य के निरीक्षणार्थ आलेख्य मतदाता सूची की पीडीएफ एवं नो मैपिंग श्रेणी के मतदाताओं की नोटिसों की सुनवाई हेतु लगाये गये निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की सूची डीईओ पोर्टल पर अपलोड करा दिया गया है । पोर्टल के लिंक पर जाकर जानकारी प्राप्त की जा सकती है । मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन आज (शुक्रवार) को किया गया ।
उक्त के अतिरिक्त विधान परिषद् इलाहाबाद-झॉसी खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन जिलानिर्वाचन अधिकारी द्वारा यथाविधि अन्तिम रूप से सम्बन्धित पदाभिहित स्थलों पर कर दिया गया है ।
उपरोक्त स्थानों पर एकीकृत निर्वाचक नामावलियां जन साधारण को निरिक्षण के लिये उपलब्ध रहेगी । इलाहाबाद-झॉसी खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन की सूची जनपद की वेब साइट डीईओ पोर्टल में अपलोड करा दिया गया है । जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा समस्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचक नामावलियों के अंतिम प्रकाशन की सूची उपलब्ध करा दी गयी है । सर्विस मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन भी दिनांक 06.01.2026 को समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालयों में विधिवत करा दिया गया है ।
