बिन्दकी/फतेहपुर । मंगलवार को राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय बिन्दकी की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के षष्ठ दिवस के कार्यक्रम ग्राम मुरादपुर में उत्साह एवं सक्रिय सहभागिता के साथ संपन्न हुए ।
यह शिविर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सपना पांडेय के संरक्षण एवं मार्गदर्शन तथा कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रत्नेश विश्वकर्मा के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है ।
सर्वप्रथम स्वयंसेविकाओं ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया । इसके पश्चात “शारीरिक स्वास्थ्य एवं पोषण” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया ।
इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से आई डॉ. आकांक्षा तिवारी के सौजन्य से स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया । शिविर में ग्रामीणों एवं स्वयंसेविकाओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया ।
डॉ. आकांक्षा तिवारी ने संतुलित आहार,स्वच्छता,नियमित व्यायाम तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ समाज की आधारशिला है ।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रत्नेश विश्वकर्मा ने भी सभी को पौष्टिक आहार अपनाने, स्वच्छता बनाए रखने तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया । कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों में स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण संदेश दिया गया ।
