कानपुर । नरवल तहसील क्षेत्र के कई गांवों में सर्किल रेट न बढ़ाए जाने से नाराज किसानों ने मंगलवार को एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की । किसानों का आरोप है कि हाल ही में जारी नए सर्किल रेट में ग्राम हाथीपुर, महाराजपुर और फुफुवार सुईथोक को शामिल नहीं किया गया,जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा है ।
महाराजपुर निवासी शिवनंदन अग्निहोत्री, विजय पांडे, अजय पांडे, रामकुमार सिंह सेंगर,शिवशरण और विनेश चंद्र शुक्ला समेत अन्य किसानों ने बताया कि महाराजपुर और हाथीपुर नगर निगम सीमा व कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे के पास होने के बावजूद यहां सर्किल रेट मात्र 63 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर है । जब कि दूरस्थ क्षेत्रों में इससे अधिक दरें तय की गई हैं ।
किसानों ने क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए सर्किल रेट बढ़ाने की मांग की । इस संबंध में एसडीएम नरवल विवेक कुमार मिश्रा ने बताया कि किसानों का ज्ञापन प्राप्त हो गया है और रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है ।
