बकेवर/फतेहपुर । बकेवर थाना क्षेत्र के अंतर्गत विवाद के चलते एक युवक पर कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमला किया गया और गम्भीर रूप से घायल के दिया गया । वहीं बकेवर पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है ।
कन्धरपुर गांव निवासी यश प्रताप सिंह पुत्र कप्तान सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी छोटी बहन और बहनोई के बीच तलाक का मुकदमा न्यायालय में चल रहा है इसी विवाद के कारण कानपुर देहात जनपद के गजनेर थाने के खनपना गांव निवासी विकास सिंह (पुत्र राजा बाबू सिंह) और देवमई गांव निवासी उमेश सिंह (पुत्र रामकिशोर सिंह) तथा रामकिशोर उसे लगातार गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते थे ।
यश प्रताप के अनुसार 16 मार्च 2026 की रात करीब 10 बजे विकास सिंह, उमेश सिंह और रामकिशोर उसके घर कन्धरपुर आए । उन्होंने घर पर ईंट-पत्थर चलाए,जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया । इसके बाद जब यश प्रताप पुलिस चौकी देवमई जा रहा था,तभी रास्ते में देवमई गांव में ही उमेश सिंह और विकास सिंह ने अपने घर के पास उस पर कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमला कर दिया । इस हमले में यश प्रताप के सिर में गंभीर चोटें आईं और उसका सिर फट गया । पीछे से आ रहे उसके परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। यश प्रताप ने 112 पर कॉल किया । जिसके बाद एम्बुलेंस से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया । जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया ।
इस बाबत थाना प्रभारी तुषार श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर जांच की जा रही है ।
