फतेहपुर । शनिवार को सरस्वती बाल मंदिर इंटर कॉलेज रघुवंश पुरम में मेधावियों को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड देकर प्रोत्साहन किया गया । साथ ही साथ अपने बच्चों की शिक्षा-दीक्षा के प्रति विशेष जागरूक अभिभावकों को भी स्मृति चिन्ह देखकर मंच से सम्मानित किया गया ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सिद्धेश्वर धाम लालपुर के महंत बाल चैतन्य ब्रह्मचारी ने किया । जबकि मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष अनु श्रीवास्तव एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक शिव शंकर उपस्थित रहे ।
विशिष्ट अतिथि की श्रृंखला में वरिष्ठ अधिवक्ता अरुण कुमार मिश्रा उर्फ मुन्ना मिश्रा, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष आशीष मिश्रा,पुष्पराज पटेल, विनय तिवारी एवं विवेक नागर की उपस्थिति रही । परीक्षा परिणाम में विजेंद्र प्रताप सिंह कक्षा सात ने 99.56 प्रतिशत अंक पाकर विद्यालय टॉप किया ।
वहीं प्रतिभा सिंह 99.08 प्रतिशत अंक पाकर पूरे विद्यालय में द्वितीय स्थान में रही । इसी प्रकार 99 प्रतिशत अंक पाकर आयुषी वर्मा ने पूरे विद्यालय में तीसरा स्थान प्राप्त किया । कुल 105 मेधावियों को प्रमाण पत्र एवं शील्ड देखकर सम्मानित किया गया ।
इसी प्रकार शिक्षा के प्रति विशेष रूप से सक्रिय कुल 215 अभिभावकों को सम्मानित किया गया । विद्यालय के प्रबंधक राकेश कुमार त्रिवेदी ने समस्त अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय की प्रगति आख्या प्रस्तुत की । उन्होंने कहा कि हमारा विद्यालय अंग्रेजी माध्यम के साथ-साथ सु संस्कारों पर विशेष बल देने के लिए समाज में जाना जाता है । आगामी समय में हम आधुनिक संसाधनों जिसमें स्मार्ट बोर्ड एवं प्रत्येक कक्षा हेतु कम्प्यूटर आदि के माध्यम से और अच्छी और उत्कृष्टतम शिक्षा देने का प्रयास करेंगे । इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य शिव बाबू, खागा शाखा के प्रधानाचार्य मौजूद रहे ।
