वाराणसी । शहर के चंद्रा चौराहे पर ड्यूटी कर रहे यातायात सिपाही के साथ मारपीट का मामला सामने आया है । घटना रविवार रात की बताई जा रही है । जहां कुछ युवकों ने ट्रैफिक नियंत्रण कर रहे सिपाही से विवाद के बाद हाथापाई कर दी ।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार युवकों अर्दली बाजार निवासी वैभव सिंह, बसही निवासी शशांक सिंह, सरसौरी निवासी प्रिंस पटेल और भोजूबीर के अभि पटेल को हिरासत में ले लिया । वहीं बुलेट भी सीज कर दी है ।
यातायात सिपाही नितेश कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि चंद्रा चौराहे पर अपनी ड्यूटी निभा रहे थे । इसी दौरान बाइक सवार युवकों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई । जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई ।
आरोप हैकि युवकों ने सिपाही के साथ मारपीट शुरू कर दी,जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया ।
घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई और यातायात प्रभावित हो गया । स्थिति बिगड़ती देख आसपास के अन्य लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया । इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दी । सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान एक युवक खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगा । जबकि अन्य साथी उसे छुड़ाने की कोशिश करते रहे ।
इस दौरान चारों युवकों ने मिलकर सिपाही से धक्का-मुक्की और मारपीट की । पुलिस ने मौके से ही सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। है ।
