बिन्दकी/फतेहपुर । जनपद के बिन्दकी थाना क्षेत्र की पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है । धोखाधड़ी और संगठित अपराध में संलिप्त एक अंतरराज्यीय गिरोह के तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है । पुलिस ने इनके कब्जे से नगदी समेत बड़ी संख्या में फर्जी दस्तावेज और घटना में प्रयुक्त ट्रक बरामद किया है ।
पुलिस के अनुसार यह मामला 31 मार्च 2025 को दर्ज किया गया था जिसमें मेसर्स उमाशंकर मिल्स के पार्टनर ने शिकायत दी थी कि उनके गोदाम से करीब 300 कुंतल चावल ट्रक में लोड कर बिहार भेजा गया था लेकिन चालक माल लेकर गायब हो गया । चावल की कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई थी ।
जांच के दौरान साक्ष्य संकलन और मुखबिर की सूचना पर 15 अप्रैल 2026 को पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया । पकड़े गए आरोपियों में राजेंद्र कुमार,इंद्रदेव कुमार उर्फ गणेश कुमार और रामानुज कुमार शामिल हैं । जो बिहार के निवासी हैं ।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका गिरोह फर्जी दस्तावेजों के सहारे ट्रांसपोर्टरों से संपर्क करता था और ट्रकों पर नकली नंबर प्लेट लगाकर माल लोड कर लेता था । इसके बाद माल को निर्धारित स्थान तक न पहुंचाकर सस्ते दामों में बेच दिया जाता था और रकम आपस में बांट ली जाती थी ।
पुलिस ने आरोपियों के पास से ₹80,500 नगद, 9 आधार कार्ड, 6 पैन कार्ड, 3 एटीएम कार्ड, 6 मोबाइल फोन, 4 चेकबुक सहित अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं । साथ ही घटना में प्रयुक्त ट्रक भी जब्त किया गया है ।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में पेशी हेतु भेजा गया है और उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है । गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है ।
