– आग के कारणों का फ़िलहाल पता नहीं चला है ।
राजस्थान । जनपद अलवर के नीमराणा में शुक्रवार शाम एक गोदाम में आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई । पुलिस ने गोदाम मालिक के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज कर आग के कारणों की जांच शुरू कर दी है ।

नीमराणा की डिप्टी एसपी चारुल गुप्ता ने फ़ोन पर बताया “आग की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हुई है उनके परिजन पहुंच गए हैं । उनका डीएनए सैंपल लिया जा रहा है जिसके बाद पोस्टमॉर्टम किया जाएगा ।”
चारुल गुप्ता ने बताया “मृतकों में दो नाबालिग़ बच्चियां उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी की रहने वाली हैं । इनमें से एक बच्ची सात साल की है और दूसरी की उम्र की जांच की जा रही है । एक मृतक रविंद्र दत्त हरियाणा के महेंद्रगढ़ के अटेली के रहने वाले थे और एक मृतक जॉनी स्थानीय निवासी थे ।”
घटना के कारण के सवाल पर डीएसपी गुप्ता ने कहा “आग के कारणों का फ़िलहाल पता नहीं चला है । हमने एफ़एसएल और फ़ायर ऑफ़िसर को बुलाया है । वे अपनी जांच रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं ।”
पुलिस अधिकारी के मुताबिक़ जहां आग लगी, वह प्लास्टिक का गोदाम था इसमें शुक्रवार शाम क़रीब पांच बजे आग लगी थी । मालिक के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज कर जांच की जा रही है ।
नीमराणा एसडीएम महेंद्र यादव ने कहा “हमने पूरी तलाश कर ली है । चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है । एक महिला को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है । आग के शुरुआती कारण के रूप में बीड़ी से लगना सामने आ रहा है । बाक़ी जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा ।”
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राज्य में ज़्यादा गर्मी पड़ने की आशंका है । इसलिए सावधानी बरतना ज़रूरी है । इस घटना पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने दुख जताया है ।
उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा “नीमराणा औद्योगिक क्षेत्र में लगी भीषण आग से चार मज़दूरों के ज़िंदा जलने और दो मज़दूरों के लापता होने की ख़बर बहुत दुख देने वाली है ।”
उन्होंने कहा “गर्मी बढ़ने के साथ ही प्रदेश के अलग-अलग स्थानों में आग लगने और इससे जनहानि की ख़बरें आ रही हैं ।”
अशोक गहलोत ने राजस्थान सरकार से आग लगने के जोखिम वाले व्यवसायों के लिए विशेष दिशानिर्देश जारी करने की अपील की है ।
