पुलिस के मुताबिक़ कई घरों में आगजनी के साथ तोड़फोड़ भी हुई है ।
राजस्थान । बांसवाड़ा ज़िले के एक गांव में रविवार को एक युवक की हत्या के बाद तनाव बढ़ गया । मृतक युवक के परिजनों और आक्रोशित ग्रामीणों ने दूसरे पक्ष के क़रीब तीस घरों में आग लगा दी । यह घटना ज़िले के मोटागाँव पुलिस थाना इलाक़े के टामटिया गांव की है इस आगजनी की वजह से कई पशुओं की जलकर मौत हुई है । पुलिस के मुताबिक़ कई घरों में तोड़फोड़ भी की गई है ।
घटना की सूचना पर मौक़े पर पहुंची पुलिस पर भी पथराव किया गया । देर रात कलेक्टर, एसपी समेत वरिष्ठ अधिकारी मौक़े पर पहुंचे । ज़िला मुख्यालय से अतिरिक्त फ़ोर्स बुलाकर स्थिति को काबू किया गया ।
मोटा गाँव पुलिस थाना प्रभारी रमेश पाटीदार ने घटना की जानकारी देते हुए कहा “सोमवार दोपहर में मृतक के परिजनों की ओर से दो दर्जन नामजद लोगों के ख़िलाफ़ हत्या समेत अन्य धाराओं में एफ़आईआर दर्ज करवाई गई है ।”
उन्होंने कहा”कुछ अनजान अभियुक्त भी शामिल हैं एफ़आईआर दर्ज होने के बाद परिजनों को साथ लेकर शव का पोस्टमॉर्टम करने अस्पताल पहुंचे हैं ।”

स्थानीय थाना प्रभारी ने बताया है कि इस मामले में एफ़आई आर दर्ज कर ली गई है ।
थाना प्रभारी ने बताया “मृतक युवक का गांव की ही एक युवती से प्रेम प्रसंग था । दोनों पक्षों के बीच इस बात को लेकर विवाद चल रहा था । रविवार को युवक की हत्या के बाद घरों में आग लगने की घटना हुई है । आरोपी पक्ष के सभी परिवारजन फ़रार हैं ।” घटना के बाद से इलाक़े में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पांच थानों की पुलिस तैनात की गई है ।
