बिजनौर/हीमपुर दीपा । थाना क्षेत्र में घर में घुसकर फायरिंग कर युवक की हत्या करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है । पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा, कारतूस, मोटरसाइकिलें, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है ।
पुलिस के अनुसार 21 अप्रैल 2026 को ग्राम रावटी निवासी सुदेश कुमार पुत्र छोटन सिंह द्वारा तहरीर दी गई थी कि ग्राम डूंगरी निवासी अंकित, अतुल तथा एक अज्ञात व्यक्ति ने उसके घर में घुसकर जान से मारने की नीयत से उस पर और उसके पुत्र सौरभ पर फायर किया । जिससे सौरभ गंभीर रूप से घायल हो गया । बाद में उपचार के दौरान सौरभ की मृत्यु हो गई ।
इस आधार पर थाना हीमपुर दीपा में मु0अ0सं0 31/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया तथा सौरभ की मृत्यु के बाद धारा 103(1) बीएनएस की वृद्धि की गई ।
विवेचना के दौरान मामले में सोकेन्द्र उर्फ शौकीन उर्फ शौकी पुत्र छोटन निवासी ग्राम डूंगरी का नाम भी प्रकाश में आया।कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अभियुक्त अंकित,अतुल तथा सोकेन्द्र उर्फ शौकीन को गिरफ्तार कर लिया । उनके कब्जे से एक अवैध तमंचा 32 बोर मय एक खोखा कारतूस,दो मोटरसाइकिलें, दो मोबाइल फोन तथा ₹350 नगद बरामद किए गए । बरामदगी के आधार पर प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धाराओं की भी वृद्धि की गई है ।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 20 अप्रैल 2026 को सिसौना मैरिज होम में आयोजित एक शादी समारोह में शराब को लेकर सौरभ से उनका विवाद हो गया था । जो मारपीट तक पहुंच गया । इसी रंजिश में उन्होंने योजना बनाकर रात में सौरभ के घर पहुंचकर उसे बुलाया और गोली मार दी । विरोध करने पर उसके पिता पर भी फायर किया गया । घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए छिपते फिर रहे थे । पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही प्रचलित है ।
