बिन्दकी/फतेहपुर । ओवरलोड वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान नायब तहसीलदार ने मोरम (मौरंग) से भरे दो ओवरलोड डंपरों को पकड़ लिया । कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को सीज कर सरकंडी चौकी में खड़ा करा दिया गया । साथ ही मामले की सूचना खनिज विभाग को भी दे दी गई है ।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे बिंदकी कस्बे के फरीदपुर मोड़ के पास नायब तहसीलदार सुरेश कुमार ने चेकिंग के दौरान दो डंपरों को रोका । जांच में दोनों वाहन मोरम से ओवरलोड पाए गए । अचानक हुई इस कार्रवाई से वाहन चालकों और क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई ।
नायब तहसीलदार सुरेश कुमार ने बताया कि ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है । इसी क्रम में दोनों डंपर पकड़े गए हैं । जिन पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की गई है और आगे की प्रक्रिया के लिए खनिज विभाग को सूचित कर दिया गया है ।
