खागा/फतेहपुर । खागा कस्बे में मंगेतर के सामने युवती से गैंगरेप की घटना ने अब सियासी तूल पकड़ लिया है। एक ओर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर आर्थिक मदद और कानूनी सहयोग का भरोसा दिया वहीं बुधवार को पहुंचे बीजेपी प्रतिनिधिमंडल को जिला प्रशासन ने गेस्ट हाउस पर ही रोक दिया । उन्हें पीड़ित परिवार से मिलने की अनुमति नहीं दी गई ।
बताया जा रहा है कि खागा कोतवाली क्षेत्र में हुई इस चर्चित घटना के बाद राजनीतिक दलों की सक्रियता लगातार बढ़ रही है। मंगलवार को सपा और कांग्रेस के नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया था ।
वहीं बुधवार को बीजेपी जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव के नेतृत्व में खागा व जहानाबाद के विधायकों तथा पूर्व मंत्री धुन्नी सिंह सहित एक दर्जन से अधिक नेताओं का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने जा रहा था । लेकिन जिला प्रशासन ने उन्हें गेस्ट हाउस पर ही रोक दिया ।
प्रशासन की इस कार्रवाई को लेकर बीजेपी नेताओं में नाराजगी देखने को मिली । उनका कहना है कि पीड़ित परिवार से मिलने से रोकना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है । फिलहाल इस घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और मामला पूरी तरह सियासी रंग लेता नजर आ रहा है ।
