असोथर/फतेहपुर । असोथर थाना क्षेत्र के सरकंडी गांव के मजरे जीत सिंह का डेरा में 33 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में कुआं में गिरने से मौत हो गई । घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं । जब कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर जांच शुरू कर दी है ।
मिली जानकारी के अनुसार सरिता पाल (33) पत्नी जितेंद्र पाल निवासी जीत सिंह का डेरा,सरकंडी गांव, सोमवार देर रात कुआं में गिर गईं । काफी देर तक जानकारी न होने के बाद जब परिजनों को घटना का पता चला तो पुलिस को सूचना दी गई ।
इस मौके पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड टीम की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । मृतका का मायका कौशांबी जिले के सैनी थाना क्षेत्र के घड़ियाहीपुर गांव में है । घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए ।
बताया जा रहा है कि मृतका का पति जितेंद्र पाल रोजी-रोटी के सिलसिले में तीन दिन पहले दिल्ली गया था । जो घटना की खबर मिलते ही वापस गांव लौट आया। सरिता अपने पीछे चार नाबालिग बच्चे—मोनिका (12),अभिषेक (9), रीतेश (7) और नीतेश (5) छोड़ गई हैं । मां की मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है ।
घटना को लेकर गांव में चर्चाओं का दौर जारी है । बताया जाता है कि पारिवारिक स्तर पर कुछ बातों को लेकर विवाद की स्थिति बनी थी, जिसे इस घटना से जोड़कर देखा जा रहा है । हालांकि पुलिस अभी हर पहलू की जांच में जुटी है ।
इस बाबत सरकंडी चौकी प्रभारी धीरज जायसवाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में महिला के पानी भरते समय पैर फिसलकर कुएं में गिरने की बात सामने आ रही है । पास में शादी समारोह होने के कारण तेज आवाज में डीजे बज रहा था । जिससे परिजन समय रहते घटना को समझ नहीं पाए । उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा ।
