बिन्दकी/फतेहपुर । जनपद के औंग थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव में बुधवार दोपहर अचानक लगी आग से एक किसान का भारी नुकसान हो गया । खेत में रखा लगभग 40 ट्रॉली भूसा जलकर पूरी तरह राख हो गया । जिससे किसान को लाखों रुपये की क्षति हुई है ।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को दोपहर करीब 12 बजे अज्ञात कारणों से किसान कप्तान सिंह राठौर के खेत में आग लग गई । आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और खेत में रखा भूसे का ढेर इसकी चपेट में आ गया । आग लगने की सूचना मिलते ही किसान ने आसपास के ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया साथ ही डायल 112 और अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई । करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया । लेकिन तब तक सारा भूसा जलकर नष्ट हो चुका था ।
किसान के अनुसार यह भूसा बिक्री के लिए इकट्ठा किया गया था । जिसकी अनुमानित कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है । घटना के बाद किसान ने प्रशासन से मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है । फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है । मामले की जांच की जा रही है ।
