पीएम मोदी ने अजय राय के जल्द ठीक होने की कामना की ।
लखनऊ । उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को शुक्रवार शाम को लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था । अब अस्पताल प्रशासन ने बताया है कि फ़िलहाल उनकी स्थिति में सुधार है ।
लखनऊ मेदांता अस्पताल ने बयान जारी करते हुए लिखा “अजय राय को शुक्रवार शाम लगभग 6:30 बजे आपात कालीन विभाग में लाया गया । उस समय वो अचेत अवस्था में थे और उन्हें दौरे की शिकायत हुई थी । शुरुआती जांच में उनके ख़ून में सोडियम का लेवल कम पाया गया ।”
“वर्तमान में उनका इलाज क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ डॉक्टर दिलीप और उनकी टीम की निगरानी में चल रहा है । इलाज के दौरान उनके सोडियम लेवल को नियंत्रित एवं स्थिर किया गया है ।”
अस्पताल ने बताया कि फ़िलहाल अजय राय की स्थिति में सुधार है उन्हें आईसीयू में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है । इस बीच पीएम मोदी ने शुक्रवार देर रात एक्स पर पोस्ट कर अजय राय के जल्द ठीक होने की कामना की ।
उन्होंने लिखा “यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के अस्वस्थ होने का समाचार मिला । मैं उनके जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं ।”
