देवरिया । बेरोजगार युवाओं के लिए अच्छी खबर सामने आई है । भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार सेवायोजन निदेशालय,लखनऊ के समन्वय में विदेश (सऊदी अरब) में रोजगार के इच्छुक अभ्यर्थियों हेतु विभिन्न पदों पर भर्ती निकाली गई है । इन रिक्तियों को रोजगार संगम पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है ।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कुल 8 प्रकार के पदों पर भर्तियां की जा रही हैं जिनमें फैब्रिकेशन सुपरवाइजर,मैकेनिकल हेल्पर, सीएनसी टर्नर, पाइप फैब्रिकेटर, स्ट्रक्चरल फैब्रिकेटर, मैकेनिकल टेक्नीशियन, फैब्रिकेटर फोरमैन और मैकेनिकल फिटर शामिल हैं ।
इन पदों पर वेतन 29,773 रुपये से लेकर 99,188 रुपये प्रतिमाह तक निर्धारित किया गया है । अलग-अलग पदों के लिए आयु सीमा 24 से 48 वर्ष तक तय की गई है और संबंधित कार्य का अनुभव अनिवार्य रखा गया है ।
इच्छुक अभ्यर्थी rojgaarsangam.up.gov.in पोर्टल पर जाकर अपनी योग्यता एवं रुचि के अनुसार आवेदन कर सकते हैं । किसी प्रकार की समस्या होने पर अभ्यर्थी जिला सेवायोजन कार्यालय देवरिया में संपर्क कर सकते हैं ।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि यह पहल युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है । साथ ही मीडिया से इस सूचना को अधिक से अधिक प्रकाशित करने की अपील की गई है ।
