इससे पहले भी मोहसिन नक़वी चार दिनों के लिए ईरान के दौरे पर गए थे ।
पाकिस्तान । देश के गृहमंत्री मोहसिन नक़वी एक बार फिर तेहरान पहुंचे हैं, जहां वो ईरानी नेतृत्व से मुलाक़ात करेंगे ।
पाकिस्तान के गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि गृह मंत्री की यात्रा “पिछली यात्रा से जुड़ी है और उनका एजेंडा अमेरिका और ईरान के बीच फिर से बातचीत शुरू कराना है ।” इसके अलावा रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कोर यानी आईआरजीसी के क़रीबी मानी जाने वाली तसनीम समाचार एजेंसी ने भी पाकिस्तानी गृह मंत्री के तेहरान पहुंचने की पुष्टि की है ।
ग़ौरतलब है कि मोहसिन नक़वी ने ईरान में क़रीब चार दिन बिताए और पिछले मंगलवार को पाकिस्तान पहुंचे,जहां उन्होंने ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान, ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़ और विदेश मंत्री अब्बासी अराग़ची सहित कई ईरानी हस्तियों से मुलाक़ात की । मंगलवार को ईरान से लौटने के बाद मोहसिन नक़वी ने प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ और फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर को भी अपनी यात्रा के बारे में बताया था । पाकिस्तानी सरकार ने गृह मंत्री की यात्रा के बारे में ज़्यादा जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब ईरान और अमेरिका पाकिस्तान की मध्यस्थता से स्थायी युद्धविराम और वार्ता की बहाली के लिए संदेशों का आदान-प्रदान कर रहे हैं ।
