चीन । रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन चीन के दौरे पर गए थे ।
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच हुई बातचीत के बाद दोनों देशों ने एक जॉइंट स्टेटमेंट जारी किया है ।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम पर जारी स्टेटमेंट के मुताबिक एक बराबरी और संतुलन वाली बहुध्रुवीय (मल्टी पोलर) दुनिया और नए तरह के अंतरराष्ट्रीय रिश्तों को बढ़ावा देने की बात करते हुए, रूस और चीन ने कहा है कि दुनिया में ज़्यादा न्यायपूर्ण और बेहतर वैश्विक व्यवस्था बनाई जानी चाहिए ।
इसके लिए दोनों देशों ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से कुछ बुनियादी सिद्धांतों को अपनाने की अपील की है –
दुनिया ऐसी हो जहां सभी देश मिलकर काम करें और सबको फ़ायदा हो
हर देश की सुरक्षा को बराबर महत्व मिले ।
दुनिया के फ़ैसलों में ज़्यादा देशों की भागीदारी हो और व्यवस्था बेहतर बने ।
दुनिया की विविध संस्कृतियों और सोच का सम्मान किया जाए
रूस और चीन ने कहा कि वे आगे भी बहुध्रुवीय दुनिया और ज़्यादा न्यायपूर्ण अंतरराष्ट्रीय रिश्तों के लिए मिलकर काम करते रहेंगे ।
इस समिट के दौरान चीन और रूस ने व्यापार और तकनीक से जुड़े 20 से अधिक समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं ।
शी जिनपिंग ने कहा कि चीन और रूस को “अधिक न्यायपूर्ण और तर्कसंगत वैश्विक शासन प्रणाली” को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए । जब कि पुतिन ने कहा कि उनके संबंध “वास्तव में अप्रत्याशित स्तर” पर पहुंच गए हैं ।
