पुलिस के मुताबिक़ राहत और बचाव कार्य जारी है ।
कीनिया । राजधानी नैरोबी से लगभग 120 किलोमीटर पश्चिम में स्थित गिलगिल के एक बोर्डिंग स्कूल में आग लगने से 16 स्टूडेंट्स की मौत हो गई है घटनास्थल पर मौजूद एक पुलिस अधिकारी ने पत्रकारों को यह जानकारी दी ।
उन्होंने बताया कि इस हादसे में घायल हुए 74 अन्य स्टूडेंट्स का अस्पताल में इलाज चल रहा है ।
कीनिया रेड क्रॉस और पुलिस के मुताबिक़ उतुमिशी गर्ल्स स्कूल में यह आग गुरुवार तड़के उस समय लगी जब स्टूडेंट्स सो रहे थे ।
पुलिस ने कहा कि बचाव और राहत अभियान जारी है । अधिकारी अब तक आग लगने के कारण का पता नहीं लगा पाए हैं ।
कीनिया रेड-क्रॉस ने बताया कि आपातकालीन सहायता दल मौके पर मौजूद हैं और मदद मुहैया करा रहे हैं ।
पुलिस कमांडर मसूद म्विनी ने स्कूल के बाहर मौजूद अभि भावकों और लोगों को संबोधित करते हुए कहा “यह बेहद दुखद और पीड़ादायक स्थिति है ।” कीनिया के बोर्डिंग स्कूलों में आग लगने की घटनाएं असामान्य नहीं हैं । हाल के वर्षों में ऐसे कई घातक हादसे सामने आए हैं । हॉस्टल में स्टूडेंट्स की ज्यादा तादाद और सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन न करना अक्सर बड़ी संख्या में हताहतों की वजह माना जाता है ।
