एनटीए ने छात्रों और अभिभावकों को हुई परेशानी के लिए खेद जताया है ।
नई दिल्ली । कॉलेज में दाख़िले के लिए होने वाली सीयूईटी-यूजी 2026 परीक्षा शनिवार को कुछ सेंटर्स पर ‘तकनीकी दिक़्क़त’ की वजह से देर से शुरू हुई ।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने बताया कि समस्या का समाधान हो चुका है और एग्ज़ाम देरी से शुरू होने की वजह से स्टूडेंट्स को एक्स्ट्रा टाइम भी दिया जाएगा ।
एनटीए ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा “टीसीएस ने बताया कि उनकी तरफ़ से तकनीकी दिक़्क़त आई थी । जिसकी वजह से सीयूईटी-यूजी 2026 के कुछ सेंटरों पर शनिवार को देर से शुरू हुई । अब समस्या का समाधान हो गया है और परीक्षा में जितनी देर हुई है उतना ही अतिरिक्त समय दिया जा रहा है, ताकि सभी छात्रों को बराबर मौक़ा मिले ।”
एनटीए ने बताया “दोपहर की परीक्षा का नया समय कुछ यूं है । रिपोर्टिंग या एंट्री टाइम दोपहर 2:30 बजे और परीक्षा शुरू होने का समय 4:00 बजे है ।”
एनटीए ने आगे लिखा “हम छात्रों और अभिभावकों को हुई परेशानी के लिए ईमानदारी से खेद जताते हैं ।”
दिल्ली की पूर्व सीएम ने उठाए सवाल
इस मामले पर दिल्ली की पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी की टिप्पणी भी आई है ।
आतिशी ने एक्स पर लिखा “पहले नीट,फिर सीबीएसई, अब सीयूईटी… आज सीयूईटी ‘तकनीकी समस्या’ की वजह से देरी से शुरू हुई ।”
उन्होंने परीक्षा में देरी के लिए जारी किया गया नोटिस साझा करते हुए लिखा “लाखों छात्रों को पूरे भारत में आज परीक्षा देनी थी और घंटों इंतज़ार करने के बाद सभी सेंटरों के बाहर ऐसे नोटिस लगाए गए हैं ।”
