राहुल गांधी ने कहा था कि पीएम नरेंद्र मोदी एक साल के बाद प्रधानमंत्री नहीं रहेंगे ।
नई दिल्ली । बीजेपी ने गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उस दावे पर पलटवार किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक साल के बाद पद पर नहीं रहेंगे ।
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ बीजेपी ने राहुल गांधी पर दुष्प्रचार का आरोप लगाया । केंद्र में सत्ता पर बैठी बीजेपी ने यह भी कहा कि देश में एकमात्र आपातकाल पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की सरकार ने लगाया था । लोकसभा में विपक्ष के नेता गांधी ने बुधवार को दावा किया कि मोदी एक साल के बाद प्रधानमंत्री नहीं रहेंगे क्योंकि ”जो व्यवस्था कभी उनके नियंत्रण में थी वह अब हिल गई है और अंदर ही अंदर ध्वस्त हो रही है ।”
बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने पीटीआई से बातचीत में कहा “राहुल गांधी ये जान चुके हैं कि वो लोकतांत्रिक रूप से देश की जनता का भरोसा नहीं जीत सकते,तो वो अब लोकतंत्र, भारत की स्थिरता और सुरक्षा का ही विरोध करने लग गए हैं “
