तथ्यों पर कुछ खबर – कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आरोप लगाया है कि सरकार आंकड़ों को अपने हिसाब से तोड़-मरोड़कर पेश करती है ।
नई दिल्ली । कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने नेशलन फ़ैमिली हेल्थ सर्वे के आंकड़ों को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है ।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में लिखा “मोदी सरकार न सिर्फ़ स्वास्थ्य और पोषण के मामले में भारत की महिलाओं और बच्चों के साथ धोखेबाज़ी की है । बल्कि वह जानबूझकर ऐसे अहम आंकड़े को भी छिपाती है । जो उसकी नाकामियों को उजागर करता है ।”
उन्होंने आगे लिखा नेशनल फ़ैमिली हेल्थ सर्वे-6 (एनएफ़एच एस-6) के आंकड़ों ने बीजेपी की नाकाबिलियत को पूरी तरह से बेनकाब कर दिया है । हर 5 में से 1 बच्चा गंभीर रूप से कुपोषण का शिकार है । भारत के एक-तिहाई बच्चों का वज़न कम है । 6 से 23 महीने की उम्र के 84% से ज़्यादा बच्चों को पर्याप्त पोषण नहीं मिलता ।”
खड़गे ने लिखा है कि 15 से 49 साल की उम्र की 57% महिलाएँ एनीमिया (खून की कमी) से पीड़ित हैं और हर 5 में से 1 महिला कुपोषित है ।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने सरकार पर आंकड़ों को चुनकर छिपाने, कमज़ोर तबके को उनके हाल पर छोड़ देने का आरोप लगाया ।
गौरतलब है कि भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने साल 2023-24 के नेशलन फ़ैमिली हेल्थ सर्वे-6 के आंकड़े जारी किए हैं ।
