नई दिल्ली । बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के सीईओ सोहन सिंह ने दोनों तीर्थस्थलों की यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं से अपील की है ।
समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में उन्होंने कहा “अब धीरे-धीरे बरसात का मौसम भी आने वाला है यहाँ भीड़ बहुत ज़्यादा है और जोशीमठ को वन-वे भी किया गया है । जो लोग यहाँ आ रहे हैं वे अपना रजिस्ट्रेशन ज़रूर कराएं । इस से हमारे पास एक आंकड़ा रहता है ।”
उन्होंने कहा है कि जो लोग बद्रीनाथ-केदारनाथ यात्रा पर आ रहे हैं वो अपने ठहरने की व्यवस्था पहले से कर के आएं । ताकि बाद में होने वाली तकलीफ़ से बचा जा सके ।
उन्होंने कहा “यात्रियों को थोड़ा कष्ट ज़रूर होगा क्योंकि भीड़ ज़्यादा है और कतारें लंबी लग रही हैं । दर्शन करने में थोड़ा वक़्त ज़रूर लग सकता है इसलिए धैर्य बनाकर रखें ।”
बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है दोनों ही तीर्थस्थलों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं ।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ अब तक दस लाख से श्रद्धालुओं ने केदारनाथ धाम की यात्रा की है, जबकि सवा आठ लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने बद्रीनाथ धाम के दर्शन किए हैं ।
