रेखा गुप्ता पहले भी अपने कई बयानों की वजह से सुर्खियों में रही हैं ।
नई दिल्ली । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अपने बयान की वजह से एक बार फिर सुर्खियों में हैं । दिल्ली में पानी की कमी को लेकर उनके ताज़ा बयान को कई लोगों ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है ।
रेखा गुप्ता ने कहा है कि गर्मी के कारण पानी भाप बनकर उड़ जाता है । जिसकी वजह से पानी की कमी हो गई है ।
उन्होंने एक कार्यक्रम में कहा “पानी की कितनी दिक्कत हो रही है । आजकल के समय में जब इतनी भरी गर्मी पड़ रही है । पानी हमारा जो आता है, बीच में कुछ पानी इवैपोरेट (भाप बनकर उड़ जाना) हो जाता है, तो उसके कारण कमी हो जाती है ।”
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने रेखा गुप्ता के इस बयान को शेयर करते हुए लिखा “दिल्ली में पानी के संकट पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी के ये विचार हैं ।”
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने एक्स पर लिखा, “दिल्ली में पानी का संकट है और यह यहाँ की मुख्यमंत्री के विचार हैं । भगवान बचाए । बीजेपी में ऐसे शिरोमणियों की भरमार है ।”
कांग्रेस की एक अन्य प्रवक्ता रागिनी नायक ने एक्स पर लिखा “जो पानी हमारा आता है, वो बीच में इवैपोरेट हो जाता है इसीलिए पानी की कमी हो रही है । दिल्ली में पानी की किल्लत पर ये हैं दिल्ली की मुख्य-मंत्री रेखा गुप्ता जी के विचार ।” सोशल मीडिया पर भी कई यूज़र्स ने इस बयान पर तंज कसते हुए टिप्पणी की है । रेखा गुप्ता इससे पहले भी एक्यूआई और नेताजी सुभाष चंद्र बोस से जुड़े अपने बयानों की वजह से विपक्षी दलों के निशाने पर रही हैं ।
