भारतीय दूतावास ने बताया है कि वो स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर हर संभव मदद और सहयोग कर रहे हैं ।
World News Update । संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दुबई में सोमवार को एक मिनी बस सड़क पर खड़े ट्रक से टकरा गई । जिसमें कई भारतीय कामगारों की मौत की आशंका है ।
इस संबंध में दुबई स्थित भारतीय दूतावास ने एक्स पर पोस्ट किया “दुबई में हुए दुखद सड़क हादसे से गहरा दुख हुआ है । जिसमें कई भारतीय कामगारों की जान गई ।”
इसमें आगे लिखा गया है “हमारे अधिकारी अस्पताल गए, घायल भारतीयों से मिले और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर हर संभव मदद और सहयोग कर रहे हैं ।”
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ दुबई पुलिस के ट्रैफ़िक विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर जुमा सलीम बिन सुवैदान ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि ट्रक तकनीकी ख़राबी के कारण अचानक सड़क के बीच में रुक गया था ।
उन्होंने बताया “बस चालक ने ध्यान नहीं दिया और सुरक्षित दूरी नहीं रखी,जिसके बाद बस पीछे से ट्रक से टकरा गई ।”
