Big Breaking News Update Live । अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर एक नई पोस्ट में कहा है कि अमेरिका ईरान पर “आज रात बहुत बड़ा हमला” करेगा ।
राष्ट्रपति ट्रंप ने लिखा “संयुक्त राज्य अमेरिका आज रात ईरान पर बहुत जोरदार हमला करेगा । ईरान की नौसेना, वायुसेना, रडार,वायु रक्षा प्रणाली और उसकी अधिकांश आक्रामक क्षमता पहले ही खत्म हो चुकी है ।”
उन्होंने दावा किया कि निकट भविष्य में अमेरिका, ईरान के प्रमुख तेल निर्यात केंद्र ख़ार्ग और अन्य ऑयल इंफ्रास्ट्रक्चर पर नियंत्रण स्थापित करेगा । साथ ही, ईरान के तेल और गैस बाजारों पर “पूर्ण नियंत्रण” हासिल करेगा ।
खार्ग द्वीप ईरान के लिए रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है । ईरान के अधिकांश कच्चे तेल का निर्यात इसी द्वीप के टर्मिनल के माध्यम से होता है । ट्रंप इससे पहले भी कई बार खार्ग द्वीप को निशाना बनाने या उस पर नियंत्रण स्थापित करने की धमकी दे चुके हैं । मार्च 2026 में भी ट्रंप ने दावा किया था कि अमेरिकी सेना ने वहां के सैन्य ठिकानों पर बड़े हमले किए थे, हालांकि ऑयल इंफ्रास्ट्रक्चर को उस समय निशाना नहीं बनाया गया था । यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव फिर बढ़ गया है ।
हाल के दिनों में दोनों देशों के बीच सैन्य हमले हुए हैं,जबकि समानांतर रूप से किसी संभावित समझौते को लेकर बातचीत भी जारी बताई जा रही है ।
अगर ट्रंप की धमकी के अनुरूप नए हमले होते हैं तो इसका असर न केवल क्षेत्रीय सुरक्षा बल्कि वैश्विक तेल बाजार और ऊर्जा आपूर्ति पर भी पड़ सकता है क्योंकि होर्मुज़ स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल परिवहन मार्गों में से एक है ।
