अयोध्या । जनपद के थाना खण्डासा अंतर्गत ग्रामसभा अटेसर के रेवली गाँव से एक बेहद भावुक और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है । जहाँ एक वृद्ध दंपत्ति के अटूट प्रेम और समर्पण ने हर किसी की आँखें नम कर दीं ।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार गाँव के वयोवृद्ध निवासी स्वर्गीय भगवान तिवारी (उम्र लगभग 80 वर्ष) का लंबी जीवन यात्रा के बाद निधन हो गया था । कल सुबह (12 जून 2026) लगभग 11 बजे परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया । अभी चिता की आग ठंडी भी नहीं हुई थी और पूरा परिवार इस गहरे शोक से उबरने की कोशिश ही कर रहा था कि देर शाम एक और दुखद खबर आ गई । स्वर्गीय तिवारी जी के अंतिम संस्कार के कुछ ही घंटों बाद उनकी अर्धांगिनी ने भी अंतिम सांस ले ली और इस दुनिया को अलविदा कह दिया ।
चर्चा का विषय बनी ‘अंतिम सफर’ की यह एकजुटता इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है । वहीं स्थानीय लोग इसे एक सच्ची जीवनसंगिनी और अटूट वैवाहिक बंधन की मिसाल के रूप में देख रहे हैं ।
ग्रामीणों का कहना है कि दोनों ने जीवन भर एक-दूसरे का साथ निभाया और जाते-जाते भी एक ही दिन इस दुनिया से विदा होकर अपने अटूट प्रेम को साबित कर दिया ।
श्रद्धांजलि : इस दुखद घड़ी में पूरा क्षेत्र शोकाकुल है । ईश्वर से यही प्रार्थना है कि पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और बैकुंठ धाम में भी दोनों का यह साथ सदैव बना रहे । शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं ।
