प्रयागराज । यमुनानगर औद्योगिक थाना क्षेत्र नैनी स्थित गोंती गांव में गुरुवार को दिन दहाड़े पूर्व प्रधान विनोद कुमार सिंह के बेटे कुश कुमार सिंह (19 वर्ष) की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले के बाद घरवालों से की गई पूछताछ में कई नए सवाल खड़े कर दिए है ।
पुलिस की जांच और सीडीआर के आधार पर यह साफ हो गया है कि किसी बाहरी व्यक्ति ने इस घटना को अंजाम नहीं दिया है ।हालांकि पुलिस घटना को अंजाम देने वाले आरोपी तक पहुंच चुकी है । आरोपी घर का ही सदस्य है। जल्द ही आरोपी के नाम का खुलासा होगा ।
वहीं शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद मृतक का कड़ी सुरक्षा में पुलिस ने अंतिम संस्कार भी करा दिया है ।
डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव के मुताबिक घटना के बाद जांच और पूछताछ ने कई सवाल खड़े कर दिए है । जिस वक्त घटना हुई उस समय घर के सारे सदस्य मौजूद थे। पिता के साथ बेटे और महिलाएं भी घर में ही मौजूद थी । गोली चलने की आवाज भी सभी ने सुनीं लेकिन किसी ने साफ जवाब नहीं दिया है ।
सीसीटीवी फुटेज में भी यह देखा गया है कि कोई भी बाहरी व्यक्ति नहीं आया है । पुलिस की शक की सुई घर के एक ऐसे सदस्य पर जा टिकी है । जिसने इस पूरे मामले को भूमि विवाद बताया है ।
पूर्व प्रधान विनोद कुमार सिंह की दो पत्नियां है । पहली पत्नी सुमन से दो बेटे लव और कुश है । जबकि दूसरी पत्नी से शिवम और एक अन्य है ।
सूत्रों की मानें तो कुश की संगति खराब चल रही थी । वह नई पिकअप निकलवाया था । जो एक्सीडेंट में क्षतिग्रस्त हो गई थी ।इसके बाद पिता विनोद और बेटे में काफी विवाद हुआ था । इसके अलावा भी कई बार खुश और पिता विनोद के बीच विवाद हुआ था । बताया जा रहा है कि एक दिन पहले भी दोनों के बीच काफी विवाद हुआ था ।
