प्रयागराज । यमुनानगर अंतर्गत एक आठ वर्षीय बच्ची के अपहरण के प्रयास के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है । यह घटना बीते शुक्रवार को औद्योगिक क्षेत्र के लवायन कला में हुई थी । जहां आरोपी बच्ची को साइकिल पर बैठाकर ले जा रहा था । राहगीरों की सतर्कता से बच्ची को सुरक्षित बचा लिया गया ।
सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ के बाद बच्ची को परिजनों को सौंपा ।
पुलिस के अनुसार मासूम बच्ची इन दिनों अपने ननिहाल आई हुई थी । शुक्रवार शाम को बच्ची अपने घर के पास एक ट्रैक्टर पर बैठी थी । तभी लगभग 30-35 वर्षीय आरोपी ‘बंटू’ साइकिल पर आया और बच्ची को अगवा कर फरार होने का प्रयास किया ।
परिजनों को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने गांव वालों के साथ मिलकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी । अपहरणकर्ता की यह हरकत सड़क पर लगे कई सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी । शुरुआत में औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने मामले को दबाने का प्रयास करते हुए कहा था कि आठ वर्षीय बालिका रास्ता भटक गई थी और उसे सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया गया है ।
हालांकि मामला तूल पकड़ने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की आरोपी ‘बंटू’ को रविवार को करछना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया आरोपी की गिरफ्तारी के बाद बच्ची के परिजन और ग्रामीण औद्योगिक क्षेत्र थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की । आरोपी औद्योगिक क्षेत्र थाने के अंतर्गत कुरिया में अपनी बहन के घर पर रह रहा था । आरोपी मूल रूप से करछना थाना क्षेत्र के ककरम गांव का निवासी है ।
