उत्तराखंड । राज्य की राजधानी देहरादून में मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट की तैयारी कर रही एक युवती अपने घर में मृत मिली है ।
पुलिस के अनुसार पटेलनगर थाना क्षेत्र के चंद्रबनी स्थित सेवला कला इलाके में रहने वाली 23 वर्षीय रिया ने मंगलवार सुबह आत्महत्या कर ली ।
परिजनों ने बताया कि वह सोमवार रात अपने कमरे में पढ़ाई करने के बाद सोने गई थी । मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे जब काफी देर तक कमरे का दरवाज़ा नहीं खुला तो परिवार के लोगों ने उसे आवाज़ लगाई । कोई जवाब नहीं मिलने पर दरवाज़ा खोला गया, जहां रिया मृत अवस्था में मिली ।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया ।
पुलिस ने क्या बताया ?

पुलिस सुसाइड नोट की भी जांच कर रही है (सीओ अंकित कंडारी, फ़ाइल फ़ोटो) ।
देहरादून सदर के सीओ अंकित कंडारी ने बताया कि रिया के पास से अंग्रेजी में लिखा एक संक्षिप्त सुसाइड नोट बरामद हुआ है । जिसकी जांच की जा रही है ।
सीओ कंडारी के अनुसार रिया के पिता सेना से रिटायर्ड हैं और उनकी मां गृहिणी हैं । उनका एक छोटा भाई और एक बहन हैं वह देहरादून के डीएवी कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई कर रही थी और साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रही थी । पुलिस का कहना है कि अभी आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं है । परिजनों ने भी पुलिस को बताया है कि रिया किसी विशेष तनाव में नहीं थी ।
अधिकारियों के मुताबिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी ।
